ताज़ा खबरें

जगद्गुरु रामानंदाचार्य जी के 726वें प्राकट्य महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ’

ब्यूरो प्रयागराज, विनीत द्विवेदी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को माघ मेले क्षेत्र में स्थित श्री जगद्गुरू महामण्डलेश्वर संतोषदास उर्फ सतुआ बाबा के शिविर में आयोजित श्रीमद् जगद्गुरु रामानंदाचार्य जी के 726वें प्राकट्य महोत्सव में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगद्गुरू रामानन्दाचार्य भगवान के 726वें पावन प्राकट्य के अवसर पर उन्हें तथा पूज्य संतों एवं प्रयागराज त्रिवेणी की पावनधरा को कोटि-कोटि नमन किया। मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जगतगुरू रामानन्दाचार्य जी ईश्वरीय गुणों से परिपूर्ण थे। कहा कि एक महामानव की दृष्टि दिव्य होती है, लोगो के कल्याण की होती है तथा धर्म के प्रति जागरूकता की होती है। उन्होंने कहा कि देश व दुनिया से लोग आकर प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाते है और अपने जीवन के आदि दैविक, आध्यात्मिक, भौतिक तीनों तापों के मुक्त होने के संकल्प के साथ आगे बढ़ते है।

जिस स्थल पर रामानंदाचार्य जी प्रकट हुए, वहां बनेगा स्मारक व मंदिर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा ने की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन्होंने सभी संत-महात्माओं को जोड़ने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामानंदाचार्य जी महाराज ने बंटे समाज को जोड़ने का कार्य किया था, इसलिए सभी लोग उनकी प्रेरणा को जीवन का मंत्र बनाएं। भगवान रामानंदाचार्य की पावन जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी संतों का आह्वान किया कि सभी लोग मिलकर दारागंज में जिस परिवार में व जिस स्थल पर रामानंदाचार्य जी प्रकट हुए थे, वहां उनका स्मारक व मंदिर बनायेे, सरकार उसमें हर प्रकार से सहयोग करेगी।

’समाज को जोड़ने की युक्ति करता है संत’

इस अवसर पर संतोषाचार्य जी महाराज ‘सतुआ बाबा’ ने सभी संत-महात्माओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह वहीं पावन धाम है, जहां पर आज के दिन 726 वर्ष पूर्व जगद्गुरू रामानन्दाचार्य जी महाराज का प्राकट्य हुआ था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व व निर्देशन में महाकुम्भ का सफल आयोजन हुआ, जिसमें देश व दुनिया के 66 करोड़ से अधिक लोगो ने त्रिवेणी संगम में श्रद्धा की डुबकी लगायी थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माघ मेले के आयोजन को विकास के साथ जोड़ा है। कहा कि जगद्गुरू रामानन्दाचार्य जी का उद्घोष था कि ‘‘जाति-पाति पूछे नहीं कोई, जो हरि को भजे वह हरि का होई’’। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अथक प्रयास से आज गंगा जी का जल शुद्ध, पवित्र एवं निर्मल है तथा आचमन एवं स्नान योग्य है।

इस अवसर पर खाकचौक व्यवस्था समिति के अध्यक्ष ने कहा कि आज हमारे देश का यह सौभाग्य है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी है। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है जब जगद्गुरू रामानन्दाचार्य जी जन्मतिथि के अवसर पर कोई मुख्यमंत्री पधारे हो। उन्होंने इस कार्यक्रम में पधारने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत व अभिनंदन किया।

इस अवसर पर उपस्थित अन्य पूज्य संत-महात्माओं के द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किए गए।

इस दौरान स्वामी रामदिनेशाचार्य, स्वामी राघवाचार्य, जगद्गुरु वैदेही वल्लभ देवाचार्य, दामोदर दास, यमुना पुरी, रामहृदय दास, लाखन दास, शुक्रायु दास महाराज व अन्य पूज्य संत-महात्माओं के अलावा कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, हर्षवर्धन वाजपेयी आदि सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »