उत्तर प्रदेशउन्नावताज़ा खबरेंबड़ी खबर

Unnao: छात्र को सपने में आए बाबा श्याम, पीपल के नीचे खोदाई में मिली खाटू श्याम की मूर्ति, पूजा-अर्चना शुरू

उन्नाव जिले के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित बिचपरी गांव में बुधवार को उस समय कौतूहल और श्रद्धा का माहौल बन गया, जब पीपल के पेड़ के पास खुदाई के दौरान खाटू श्याम की एक छोटी मूर्ति मिलने का दावा किया गया। मूर्ति निकलने की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और पूजा-अर्चना शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि यह मूर्ति पीली धातु की है और करीब डेढ़ फीट नीचे जमीन में दबी हुई थी। ग्रामीणों का कहना है कि मूर्ति मिलने के बाद से ही स्थान को लेकर धार्मिक आस्था और उत्सुकता दोनों बढ़ गई हैं।

सपने से शुरू हुई कहानी

बिचपरी गांव निवासी मनोहर लाल के पुत्र अमरपाल (25), जो इटावा में रहकर बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहे हैं, ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उन्हें सपने में पीपल के पेड़ के पास खाटू श्याम की मूर्ति दिखाई दी थी। 7 जनवरी को जब वह गांव पहुंचे, तो उन्होंने यह सपना अपने परिजनों को बताया।

अमरपाल के अनुसार, सपने की बात सुनने के बाद परिवार और आसपास के लोगों में चर्चा शुरू हो गई। इसके बाद बुधवार सुबह पीपल के पेड़ के पास खुदाई कराई गई, जहां से कथित तौर पर मूर्ति निकल आई।

पूजा शुरू, चबूतरा बनाने की तैयारी

मूर्ति निकलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। कुछ लोगों ने दीप-धूप जलाकर भजन भी किए। गांव के लोग अब उस स्थान पर चबूतरा बनाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि मूर्ति को वहां स्थापित किया जा सके।

प्रशासन ने कही जांच की बात

मामले की जानकारी मिलने पर तहसील प्रशासन भी सतर्क हो गया है। एसडीएम प्रज्ञा पांडे ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। प्रशासन यह भी देखेगा कि मूर्ति किस धातु की है और यह ऐतिहासिक या पुरातात्विक दृष्टि से किसी श्रेणी में आती है या नहीं।

फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर श्रद्धा और जिज्ञासा का माहौल बना हुआ है, और लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »