डीडी उत्तर प्रदेश पर सजी ‘वसंत के रंग अपनों के संग’, पद्मश्री मालिनी अवस्थी की प्रस्तुति ने मोहा मन

लखनऊ। डीडी उत्तर प्रदेश पर “वसंत के रंग अपनों के संग” सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य सजीव प्रसारण किया गया। बसंत ऋतु की उल्लासपूर्ण छटा से सजे इस आयोजन ने दर्शकों को भारतीय लोक-संस्कृति और संगीत की मधुर अनुभूति कराई।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन केंद्राध्यक्ष/उपमहानिदेशक अनुपम स्वरुप, कार्यक्रम प्रमुख आत्म प्रकाश मिश्र तथा विशिष्ट अतिथि मालिनी अवस्थी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। उद्घाटन के साथ ही पूरा स्टूडियो बसंत के रंगों और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रहीं पद्मश्री मालिनी अवस्थी, जिन्होंने अपनी सशक्त और भावपूर्ण लोकगायन प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति में उत्तर भारतीय लोक-संगीत की खुशबू, परंपरा और संवेदना साफ झलकती नजर आई। दर्शकों ने टीवी स्क्रीन के माध्यम से इस सांस्कृतिक संध्या का भरपूर आनंद लिया।

इस अवसर पर केंद्राध्यक्ष अनुपम स्वरुप ने पद्मश्री मालिनी अवस्थी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वहीं कार्यक्रम प्रमुख आत्म प्रकाश मिश्र द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर विशेष सम्मान दिया गया। मालिनी अवस्थी के साथ संगत कर रहे सभी साथी कलाकारों को भी मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे कलाकारों का उत्साह और बढ़ा।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि “वसंत के रंग अपनों के संग” जैसे आयोजन न केवल लोक-संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, बल्कि दूरदर्शन के माध्यम से इसे घर-घर तक पहुंचाने का भी सशक्त माध्यम बनते हैं। सजीव प्रसारण के जरिए प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के दर्शकों ने इस सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम का समापन बसंत की उमंग, संगीत और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ हुआ, जिसने दर्शकों के मन में एक सकारात्मक और उल्लासपूर्ण छाप छोड़ी।





