प्रयागराज के माघ मेला क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर-5 स्थित नारायण शुक्ला धाम शिविर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शिविर में लगे सभी टेंट कुछ ही देर में जलकर राख हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के वक्त शिविर में करीब 50 से अधिक कल्पवासी मौजूद थे। आग की लपटें उठते ही सभी लोग घबराकर अलग-अलग गेटों से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि मामले की जांच जारी है।
इस हादसे में नारायण शुक्ला धाम शिविर में लगे 15 टेंट पूरी तरह जल गए। इसके अलावा शिविर के बाहर लगी कई दुकानें भी आग की चपेट में आकर खाक हो गईं। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास मौजूद कल्पवासी दहशत में आ गए।
फायर ब्रिगेड टीम ने आग बुझाने के बाद पूरे शिविर क्षेत्र की जांच-पड़ताल की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी श्रद्धालु के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी लोग सुरक्षित हैं।
