Homeराज्यउत्तर प्रदेशउन्नाव में गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर शबद कीर्तन, कथा...

उन्नाव में गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर शबद कीर्तन, कथा और विशाल लंगर

उन्नाव। दसवें पातशाह गुरु गोबिंद सिंह के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, उन्नाव में शबद कीर्तन, गुरुकथा और विशाल गुरु का लंगर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान अरविंदर सिंह ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में उन्नाव और कानपुर के कीरतनी जत्थों के साथ-साथ गुरुद्वारा बंगला साहिब, नई दिल्ली से आए प्रसिद्ध कीर्तनी गुरमेल सिंह अपने जत्थे सहित, कानपुर से आए कीर्तनी मनोज सिंह अपने साथियों सहित तथा उन्नाव से कीर्तनी शुभम सिंह अपने जत्थे के साथ उपस्थित रहे। सभी कीरतनी जत्थों ने मधुर शबद-कीर्तन के माध्यम से पूरे वातावरण को गुरु महिमा से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर कथावाचक अमर सिंह ने गुरु गोबिंद सिंह के महान जीवन, उनके बलिदान और खालसा पंथ की स्थापना पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिसे संगत ने श्रद्धा और एकाग्रता के साथ श्रवण किया।

कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब ऑफ उन्नाव सिटी और भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरु का गुणगान किया और अपनी श्रद्धा अर्पित की।

कार्यक्रम के उपरांत गुरु का अटूट लंगर संगत को वितरित किया गया। लंगर सेवा में गुरप्रीत सिंह, कुलदीप सिंह, जसमीत सिंह, जगजीत सिंह, जितेंद्र सेठी (शिशु), वरुण सूरी, सुखबीर सिंह भाटिया, जरनैल सिंह और इंदरजीत सिंह ने संयुक्त रूप से सेवा निभाई।

इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि भानु मिश्रा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष गिरीश मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष अखिलेश अवस्थी और प्रमुख व्यापारी कांति मोहन गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। सभी ने गुरु साहिब के दर्शन किए, मत्था टेका और गुरु का लंगर ग्रहण किया।

गौरतलब है कि 11 जनवरी को आयोजित नगर कीर्तन का नेतृत्व पंच प्यारे कमलदीप सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, देवेंद्र सिंह, चरणजीत सिंह और सुखबीर सिंह भाटिया ने किया था। नगर कीर्तन में कानपुर और उन्नाव से आए गतका जत्थों और कीरतनी जत्थों ने सहभागिता की थी। इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता और जिला अध्यक्ष भाजपा अनुराग अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर नगर कीर्तन को रवाना किया था।

समूचे प्रकाश पर्व कार्यक्रमों का उद्देश्य गुरु गोबिंद सिंह के महान जीवन, उनके बलिदान और मानवता, सेवा व समानता के संदेश को समाज तक पहुंचाना रहा।

रिपोर्ट: संतोष अवस्थी, ब्यूरो चीफ, उन्नाव

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular