रालोद छात्रसभा की अहम बैठक: संगठन विस्तार, डूसू चुनाव और छात्रसंघ बहाली पर मंथन

लखनऊ ब्यूरो। दिल्ली स्थित राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) छात्रसभा के राष्ट्रीय कार्यालय पर छात्रसभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई, वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव और उत्तर प्रदेश व राजस्थान में छात्रसंघ चुनावों की बहाली जैसे अहम मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता रालोद छात्रसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव बालियान ने की। उन्होंने अपने संबोधन में छात्रसंघ चुनावों की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि छात्र राजनीति लोकतंत्र की पहली सीढ़ी है। डॉ. बालियान ने संगठन के विस्तार और डूसू चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को एक माह के भीतर लंबित कार्यकारिणी पूरी करने के निर्देश दिए और सभी से सक्रिय रूप से जुटने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि रालोद की रीति-नीति और चौधरी चरण सिंह के विचारों को अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इससे छात्र हितों की लड़ाई को मजबूती मिलेगी और संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा मिलेगी।
बैठक में राजस्थान छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश बेनीवाल, हस्तिनापुर क्षेत्रीय अध्यक्ष सौरभ सिंह, रूहालखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष अभिजीत चहल सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्ष और छात्रसभा की समस्त कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के छात्र नेता आदित्य पवार और प्रियव्रत राना, दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र नेता उवैश चित्रांश, तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र नेता नितिन राठी, उत्तम चौधरी और सचिन चौधरी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने छात्रसंघ चुनावों की बहाली को लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को मजबूती देने के लिए संगठित प्रयास जरूरी हैं। अंत में सभी ने संगठन को और मजबूत करने तथा छात्र हितों की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया।





