पश्चिम बंगाल में डीआरआई का एक्शन, 11.50 करोड़ रुपये से अधिक का सोना बरामद
बांग्लादेश सीमा से कोलकाता तक सोने की तस्करी का खुलासा, सड़क और रेल मार्गों से चल रहे नेटवर्क पर डीआरआई की कार्रवाई।

नई दिल्ली : राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने बांग्लादेश से भारत में विदेशी मूल के सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.8 किलोग्राम से अधिक सोना जब्त किया है। 8 और 9 अक्टूबर 2026 को पूर्वी भारत में चलाए गए खुफिया अभियानों के दौरान जब्त किए गए सोने की कीमत 11.50 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
डीआरआई की जांच में बांग्लादेश सीमा से सटे क्षेत्रों से कोलकाता तक सोना पहुंचाने के लिए सड़क और रेल नेटवर्क के इस्तेमाल का खुलासा हुआ है। अधिकारियों ने अलग-अलग अभियानों में तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को पकड़ा और विदेशी मूल का सोना बरामद किया।
डीआरआई कोलकाता की टीम ने डंकुनी टोल प्लाजा पर एक चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन में चार लोग सवार थे और वे बांग्लादेश सीमा के पास स्थित बानपुर से कोलकाता जा रहे थे।
तलाशी के दौरान करीब 6.8 किलोग्राम वजन की 50 सोने की छड़ें बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये है। कुछ छड़ों पर विदेशी निशान पाए गए। अधिकारियों के अनुसार, वाहन में सवार लोग सोने पर वैध कब्जे से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें बानपुर सीमा क्षेत्र में सक्रिय गिरोह का कथित सरगना भी शामिल है।
इसी दौरान डीआरआई की टीम ने पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों से उतर रहे यात्रियों की जांच की। इस कार्रवाई में करीब 1 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
जब्त सोना चूड़ियों और सोने की छड़ों के रूप में था। वैध खरीद से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह सोना त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश सीमा के पार तस्करी करके लाए गए सोने से तैयार किया गया था।
डीआरआई के मुताबिक, इन अभियानों से संकेत मिलता है कि भारत-बांग्लादेश सीमा से लगे क्षेत्रों और पूर्वोत्तर भारत को कोलकाता जैसे बड़े बाजारों से जोड़ने वाले परिवहन मार्गों का इस्तेमाल सोने की तस्करी के लिए किया जा रहा है।
निदेशालय ने कहा है कि वह खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई और समन्वित प्रवर्तन के जरिए संगठित तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान जारी रखेगा।




