लखनऊ: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा कमान संभालते ही पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने राजधानी लखनऊ में सूबे के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान रोहित मिश्रा ने उपमुख्यमंत्री का आशीर्वाद लिया और आगामी सांगठनिक रूपरेखा को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
संगठन को मिलेगी नई मजबूती, युवाओं को मुख्यधारा में लाएगा युवा मोर्चा मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने रोहित मिश्रा को भाजयुमो का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत होने पर अपनी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। डिप्टी सीएम ने उम्मीद जताई कि रोहित मिश्रा के ऊर्जावान और कुशल नेतृत्व में युवा मोर्चा न सिर्फ पहले से अधिक सशक्त और सक्रिय होगा, बल्कि प्रदेश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सरोकारों की मुख्यधारा से जोड़ने में भी अग्रणी भूमिका निभाएगा।
जमीनी स्तर पर संगठन के विस्तार और भावी रणनीतियों पर हुआ गंभीर मंथन इस शिष्टाचार भेंट के दौरान सिर्फ औपचारिक बातचीत ही नहीं हुई, बल्कि उत्तर प्रदेश में संगठन की मजबूती को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई। दोनों नेताओं के बीच प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी व धारदार बनाने, जमीनी स्तर पर युवा मोर्चा के विस्तार और आगामी अभियानों में युवाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी तय करने जैसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सार्थक चर्चा हुई।
इस दौरान मौके पर अधिवक्ता आशुतोष पांडेय भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने भी नवनियुक्त युवा मोर्चा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी और उनके सफल व गौरवशाली सांगठनिक कार्यकाल की कामना की।


