समृद्धि एक्सप्रेसवे पर GAIL पाइपलाइन से गैस रिसाव, 24 किलोमीटर तक यातायात बंद—प्रशासन ने जारी किया नया रूट
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर GAIL पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद 24 किलोमीटर यातायात बंद। मुंबई जाने वालों के लिए नया रूट जारी। स्थिति अब नियंत्रण में।

छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे के किनारे शनिवार शाम को उस समय अफरातफरी मच गई, जब गंगापुर तालुका के तकलीवाड़ी गांव के पास गेल (GAIL) की पाइपलाइन से अचानक गैस रिसने लगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एक्सप्रेसवे के हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच करीब 24 किलोमीटर लंबे हिस्से में यातायात पूरी तरह रोक दिया।
गेल की टीम ने समय रहते पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस तुरंत सक्रिय हो गईं। गेल के विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर फौरन पाइपलाइन के वाल्व बंद कर दिए, जिससे गैस का रिसाव नियंत्रण में आ गया। अधिकारियों के अनुसार, अब पाइपलाइन के अंदर का दबाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियां और जरूरी उपकरण तैनात कर दिए गए हैं।
मुंबई जाने वालों के लिए प्रशासन ने बताया नया रास्ता
जिला कलेक्टर विनय गौड़ा जीसी ने एक आधिकारिक सूचना जारी कर बताया कि चेनेज 447 से 470 के बीच यानी हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच के ट्रैफिक को धुले-सोलापुर राजमार्ग की तरफ मोड़ दिया गया है। मुंबई की तरफ जाने वाले वाहनों को हदास पिंपलगांव इंटरचेंज से निकलकर धुले-सोलापुर हाईवे का इस्तेमाल करना होगा। इसके बाद वे आगे मालीवाड़ा इंटरचेंज से दोबारा समृद्धि एक्सप्रेसवे पर वापस आ सकते हैं।
प्रशासन का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जल्द से जल्द यातायात को सामान्य करने की पूरी कोशिश की जा रही है।



