ताज़ा खबरेंदेशनई दिल्ली

अक्टूबर से 70 हजार ग्रामीण युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, 24 राज्यों में शुरू होंगे 2,015 बैच

गरीब ग्रामीण युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण, 31 अक्टूबर तक लक्ष्य आवंटन का निर्देश

नई दिल्ली: ग्रामीण विकास मंत्रालय अक्टूबर 2026 से देश के अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में दीनदयाल उपाध्याय-ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई ) 2.0 के तहत कौशल प्रशिक्षण के नए बैच शुरू करने जा रहा है। इस चरण में करीब 70,000 ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जुड़े कौशल का प्रशिक्षण दिए जाने की उम्मीद है।

डीडीयू-जीकेवाई 2.0 पोर्टल के अनुसार, 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों (पीआईए) को 1,200 से अधिक परियोजनाओं के लिए 5.6 लाख प्रशिक्षण लक्ष्य आवंटित कर दिए हैं। अन्य राज्य भी लक्ष्य आवंटन की प्रक्रिया के उन्नत चरण में हैं।

अक्टूबर 2026 में 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 70,000 ग्रामीण युवाओं के 2,015 प्रशिक्षण बैच शुरू होने की उम्मीद है।  डीडीयू-जीकेवाई एक केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जुड़े कौशल का प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत प्रशिक्षण की अवधि 3 से 12 महीने तक होती है।  डीडीयू-जीकेवाई 2.0 के तहत 2026-28 की दो वर्षीय अवधि के लिए सभी 31 भागीदार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 9 लाख से अधिक प्रशिक्षण लक्ष्य आवंटित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें  बंगाल रैली में योगी आदित्यनाथ का हमला: ‘डबल इंजन सरकार आई तो माफिया जाएंगे जहन्नुम’

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ग्रामीण युवाओं को संगठित कर मांग के अनुरूप राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के अनुरूप पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराना होगा। इसके लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी का भी उपयोग किया जाएगा, ताकि युवाओं की रोजगार क्षमता को बेहतर बनाया जा सके।

ग्रामीण विकास मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों को लक्ष्य आवंटित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने कहा है कि प्रशिक्षण बैच तय समयसीमा के अनुसार शुरू किए जाएं और 31 अक्टूबर 2026 तक पीआईए को प्रशिक्षण शुरू करने के लिए लक्ष्य आवंटित कर दिए जाएं।

प्रशिक्षण बैच शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मंत्रालय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ चरणबद्ध तरीके से समीक्षा बैठकें भी कर रहा है।

Amresh Dwivedi

अमरेश द्विवेदी देश की एकमात्र बहुभाषी न्यूज़ एजेंसी हिंदुस्थान समाचार में कार्यरत हैं। इसके अलावा हिंदुस्थान समाचार की पाक्षिक पत्रिका युगवार्ता और मासिक पत्रिका नवोत्थान के साथ ही विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में भी उनके आलेख छपते रहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button