उत्तर प्रदेशताज़ा खबरेंलखनऊ

लखनऊ में व्यापारी से 2.5 लाख की लूट का खुलासा, 24 घंटे में 3 बदमाश गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी लखनऊ की मदेयगंज पुलिस ने व्यापारी से 2.50 लाख रुपये की लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.92 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित महेंद्र कुमार, निवासी माधवपुरम (पारा), मुंशीपुलिया क्षेत्र में दोना-पत्तल और डिस्पोजल सामग्री का कारोबार करते हैं। कुछ दिन पहले एक व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचा और खुद को चौक का बड़ा डिस्पोजल व क्रॉकरी व्यापारी बताते हुए बाजार से कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने का झांसा दिया। आरोपी की बातों पर भरोसा कर व्यापारी ने 2.50 लाख रुपये का सामान खरीदने के लिए सौदा तय कर लिया।

20 जुलाई 2026 की सुबह आरोपी ने व्यापारी को पक्का पुल के पास बुलाया और फिर बंधा रोड स्थित एक सुनसान स्थान पर ले गया। जैसे ही व्यापारी ने बाइक की डिग्गी खोलकर रुपये निकालने की कोशिश की, वहां पहले से मौजूद दो अन्य बदमाश भी पहुंच गए। तीनों ने मिलकर व्यापारी से 2.50 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मदेयगंज पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस उपायुक्त (मध्य) के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकाने तक पहुंच बनाई गई।

यह भी पढ़ें  कौन हैं यामिनी मल्होत्रा? डेंटिस्ट से टीवी स्टार और बिग बॉस 18 तक का सफर

21 जुलाई को पुलिस ने पक्का पुल के नीचे गोमती नदी किनारे घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहन शेख (38), सोहेल (29) और राकिब (28) के रूप में हुई। तीनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे व्यापारियों को सस्ते दामों पर सामान दिलाने का लालच देकर सुनसान स्थानों पर बुलाते थे और फिर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद चारों आरोपी लूट की रकम आपस में बांट रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम के पहुंचने पर अनवार नाम का आरोपी नकदी का हिस्सा लेकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1.92 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें  लखनऊ ट्रैफिक का सच: मुंशी पुलिया पर जाम का जाल, ‘ऑटो वसूली’ के चौकी प्रभारी पर आरोप—112 भी बेअसर!

इस कार्रवाई में एडीसीपी सेंट्रल जितेंद्र कुमार दुबे, एसीपी महानगर अंकित कुमार, मदेयगंज थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी तथा सर्विलांस और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button