देश

लखनऊ में नेशनल ज्वेलर्स मीट 2026 आयोजित, एडीसीपी बोले- पुलिस व्यापारियों की मदद के लिए हमेशा तैयार

लखनऊ के हजरतगंज स्थित एक होटल में गुरुवार को ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) की ओर से नेशनल ज्वेलर्स मीट 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से करीब 250 ज्वेलर्स और सर्राफा कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान व्यापार की सुरक्षा, आधुनिक तकनीक और उद्योग के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद एडीसीपी सेंट्रल जितेंद्र कुमार दुबे ने ज्वेलर्स को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी को किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क कर सकता है। पुलिस हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेजी से बदलते व्यापारिक माहौल को देखते हुए ज्वेलरी उद्योग को नई तकनीकों और आधुनिक कार्यशैली को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि नवाचार और डिजिटल बदलाव के साथ आगे बढ़कर ही उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

यह भी पढ़ें  व्हाट्सएप की 'प्राइवेसी' पर बड़ा सवाल: क्या चोरी-छिपे पढ़े जा रहे हैं आपके मैसेज? अमेरिकी जांच अचानक बंद होने से मचा हड़कंप

कार्यक्रम संयोजक विनोद माहेश्वरी ने उपस्थित व्यापारियों को ज्वेलरी कारोबार में आधुनिक तकनीक, नए व्यापारिक अवसर, बेहतर नेटवर्किंग और उद्योग से जुड़ी नवीन जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन व्यापारियों को एक-दूसरे के अनुभव साझा करने और कारोबार को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर गोपाल सोनी, अमित सोनी, गोविंद रस्तोगी, विनोद माहेश्वरी सहित ज्वेलरी उद्योग से जुड़े कई प्रमुख पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उद्योग की चुनौतियों, सुरक्षा व्यवस्था और व्यापार विस्तार के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button