Mirzapur The Movie में विक्रांत मैसी क्यों नहीं? बबलू पंडित बने जितेंद्र कुमार, जानें असली वजह
Mirzapur The Movie में विक्रांत मैसी क्यों नहीं हैं? बबलू पंडित का किरदार जितेंद्र कुमार निभा रहे हैं। जानें इसके पीछे की असली वजह।

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर धमाल मचाने वाली पॉपुलर वेब सीरीज मिर्जापुर अब सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। लंबे समय से चर्चा में बनी फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में सीरीज के कई पुराने कलाकार अपने-अपने किरदारों में वापसी कर रहे हैं, जबकि कुछ नए चेहरे भी इस फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं। इन नए चेहरों में पंचायत फेम जितेंद्र कुमार के साथ रवि किशन और सोनल चौहान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सबसे दिलचस्प बात यह है कि सीरीज में जिन किरदारों की मौत हो चुकी थी, उनमें से दिव्येंदु शर्मा और श्रिया पिलगांवकर के किरदार भी इस फिल्म में दिखाई देने वाले हैं। हालांकि, ट्रेलर लॉन्च के दौरान एक जाने-पहचाने चेहरे की गैरमौजूदगी पर सबकी नजर गई और वह नाम है विक्रांत मैसी। अब सभी के मन में यही सवाल है कि आखिर विक्रांत मैसी इस फिल्म का हिस्सा क्यों नहीं हैं।
विक्रांत मैसी ने वेब सीरीज मिर्जापुर में बबलू पंडित का किरदार निभाया था, जो अली फजल के किरदार गुड्डू पंडित का छोटा भाई था। सीरीज के पहले सीजन में ही बबलू की मौत हो गई थी। लेकिन अब फिल्म में बबलू पंडित के किरदार की वापसी हो रही है। ट्रेलर में जितेंद्र कुमार को बबलू के रूप में देखा जा सकता है। ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि आखिर विक्रांत मैसी यह किरदार क्यों नहीं निभा रहे हैं। दरअसल, जब मिर्जापुर का पहला सीजन आया था, उस समय विक्रांत मैसी टीवी इंडस्ट्री में काम कर रहे थे और बड़े पर्दे पर उनकी खास पहचान नहीं बनी थी। लेकिन आज विक्रांत मैसी एक बड़े और जाने-माने एक्टर बन चुके हैं। उनके पास इस समय कई लीड रोल वाली बड़ी फिल्में हैं। वहीं, मिर्जापुर फ्रेंचाइजी की कहानी हमेशा से कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी और गुड्डू पंडित यानी अली फजल के इर्द-गिर्द ही घूमती रही है। विक्रांत मैसी के मौजूदा स्टारडम को देखते हुए यह भी हो सकता है कि अब उनके लिए किसी छोटे या सेकेंडरी किरदार में लौटना उतना आकर्षक न रह गया हो।
इसके अलावा इंडस्ट्री से जुड़ी एक और वजह भी सामने आ सकती है। मिर्जापुर को एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस करता है और यह बात पहले ही सामने आ चुकी है कि विक्रांत मैसी ने फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली फिल्म डॉन 3 से खुद को अलग कर लिया था। ऐसे में यह भी संभव है कि एक्सेल एंटरटेनमेंट की तरफ से विक्रांत मैसी को मिर्जापुर: द मूवी के लिए अप्रोच ही न किया गया हो। हालांकि, इसकी असली वजह क्या है, यह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। लेकिन मिर्जापुर की टीम ने जितेंद्र कुमार को बबलू पंडित के रोल में चुनकर एक दिलचस्प फैसला जरूर किया है। जितेंद्र कुमार का लुक और कद-काठी विक्रांत मैसी से काफी मिलती-जुलती है, जिसकी वजह से फैंस को बबलू पंडित की कमी शायद उतनी न खले।



