Meta One सब्सक्रिप्शन भारत में लॉन्च, 549 रुपये से शुरू—जानें प्लान

मेटा ने भारत में अपनी नई सब्सक्रिप्शन सेवा ‘मेटा वन’ की शुरुआत कर दी है। इसके जरिए यूजर्स को इंस्टाग्राम प्लस, व्हाट्सएप प्लस और फेसबुक प्लस के कई फीचर्स एक ही प्लान में मिलेंगे। आम यूजर्स के लिए कंपनी ने दो प्लान पेश किए हैं, जबकि बिजनेस और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए चार अलग विकल्प दिए गए हैं। मेटा वन का कोर प्लान 549 रुपये प्रति महीने का है। वहीं, ज्यादा फीचर्स और सुविधाएं चाहने वाले यूजर्स के लिए प्रीमियम प्लान 1,960 रुपये प्रति महीने का रखा गया है। इन दोनों प्लान में यूजर्स को अलग-अलग इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप सेवाओं के लिए अलग सदस्यता लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मेटा इन सुविधाओं को एक ही सब्सक्रिप्शन में जोड़ रहा है।
मेटा ने कंपनियों और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए चार प्लान लॉन्च किए हैं। इनमें एसेंशियल की कीमत 639 रुपये प्रति महीने, एडवांस्ड की कीमत 2,099 रुपये, एक्सपर्ट की कीमत 6,399 रुपये और सबसे महंगा मैक्स प्लान 20,990 रुपये प्रति महीने का है। इन प्लान का फोकस सिर्फ सोशल मीडिया इस्तेमाल पर नहीं, बल्कि बिजनेस मैनेजमेंट, एनालिटिक्स और कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाओं पर भी है। अगर मेटा के अलग-अलग प्लस सब्सक्रिप्शन की कीमत देखें तो व्हाट्सएप प्लस 79 रुपये प्रति महीने में मिलता है। वहीं, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत 99-99 रुपये प्रति महीने है। अगर प्लान अलग-अलग खरीदे जाएं तो इनका खर्च 300 रुपये से भी कम है। मेटा वन में इन सेवाओं को अलग-अलग खरीदने के बजाय एक ही पैकेज के जरिए इस्तेमाल किया जा सकेगा। हालांकि, किस यूजर के लिए बंडल प्लान ज्यादा फायदेमंद होगा, यह उसके इस्तेमाल और जरूरत पर निर्भर करेगा।
मेटा वन सब्सक्रिप्शन में क्रिएटिव टूल्स का भी विस्तार किया गया है। यूजर्स इंस्टाग्राम स्टोरीज का स्टाइल बदल सकेंगे और अलग-अलग वॉयस इफेक्ट्स का इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके अलावा फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर मेटा एआई की मदद से वीडियो और इमेज बनाने के लिए ज्यादा इस्तेमाल सीमा भी मिलेगी। यानी जो यूजर्स एआई आधारित क्रिएटिव फीचर्स का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं, उनके लिए यह सदस्यता खास हो सकती है। बिजनेस और क्रिएटर प्लान में अतिरिक्त सुविधाएं दी गई हैं। इनमें व्हाट्सऐप पर मेटा बिजनेस एजेंट, व्हाट्सऐप बिजनेस ऐप पर वेरिफाइड बैज और अकाउंट की पहचान के दुरुपयोग से बचाने वाली इम्पर्सोनेशन प्रोटेक्शन सुविधा शामिल है। इसके अलावा यूजर्स इंस्टाग्राम स्टोरी को 30 दिन तक पहले से शेड्यूल कर सकेंगे। ऑर्गेनिक पोस्ट और रील्स में लिंक जोड़ने, ज्यादा विस्तृत ऑडियंस इनसाइट्स देखने और एनालिटिक्स को एक्सपोर्ट करने जैसे टूल भी उपलब्ध होंगे।


