27 हजार स्कूल बंद कर मधुशाला खोली, इस बार बच्चों की फीस पर होगा चुनाव : संजय सिंह
डॉ. सुनीता गंगवार के नेतृत्व में नवाबगंज में जुटे हजारों लोग, संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के आरोप

बरेली/लखनऊ : विश्वस्तरीय शिक्षा, मुफ़्त स्वास्थ्य, बिजली, पानी और जनहित की राजनीति को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में लगातार जनांदोलन को धार दे रही है। इसी क्रम में रविवार को जनपद बरेली की नवाबगंज विधानसभा में आम आदमी पार्टी द्वारा विशाल ‘सत्ता परिवर्तन जन-आक्रोश रैली’ का आयोजन किया गया। रैली में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह की उपस्थिति तथा रुहेलखंड प्रांत उपाध्यक्षा डॉ. सुनीता गंगवार के नेतृत्व में उमड़े विशाल जनसमूह ने बुनियादी हक़ और बदलाव का शंखनाद किया। जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद संजय सिंह ने गन्ना किसानों के बकाया, स्कूल बंदी, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना, जल जीवन मिशन व मंदिर निर्माण में कथित घोटालों, बिजली संकट तथा नफरत की राजनीति को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला।
सांसद संजय सिंह ने रैली की आयोजक डॉ. सुनीता गंगवार के संघर्षों की सराहना करते हुए कहा कि बरेली में फरीदपुर के बाद यह आम आदमी पार्टी की दूसरी विशाल रैली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के 161 गांवों के 25 हजार से अधिक किसानों का ओसवाल चीनी मिल पर 70 करोड़ रुपये बकाया है। डॉ. सुनीता गंगवार ने केवल भाषण नहीं दिए, बल्कि एसडीएम कार्यालय पर 10 दिनों का अनशन कर किसानों का 3 करोड़ रुपये का भुगतान भी करवाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों के बकाया 70 करोड़ रुपये दिलाने के लिए वे सड़क से संसद तक की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे हक की लड़ाई न लड़ने वाले फर्जी नेताओं का चक्कर छोड़कर बूथ स्तर पर डॉ. सुनीता गंगवार के साथ जुड़ें।
विभाजनकारी राजनीति पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि चुनाव आते ही कुछ लोग ’80-20′ और ‘बटोगे-कटोगे’ की भाषा बोलने लगते हैं, तो वहीं ओवैसी जैसे नेता ‘अब्दुल कब तक दरी बिछाएगा’ जैसे बयान देकर सियासत करते हैं। उन्होंने कहा कि नफरत की बुनियाद पर न परिवार आगे बढ़ता है और न ही देश। ओवैसी के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि देश उस ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को जानता है जिन्होंने परमाणु बम व मिसाइल बनाई, सीमांत गांधी खान अब्दुल गफ्फार खान को जानता है जिन्होंने आज़ादी के लिए 35 साल जेल काटी, और यूपी के शहीद वीर अब्दुल हमीद को जानता है जिन्होंने पाकिस्तान के टैंक उड़ाए। फिरोजाबाद के चूड़ी उद्योग से लेकर कानपुर के चमड़ा, भदोही के कालीन और मुरादाबाद के पीतल उद्योग तक में अब्दुल देश का निर्माण कर रहा है। यह देश अशफाक उल्ला खां, भगत सिंह, मौलाना आज़ाद, महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, बिस्मिल, रोशन सिंह और राजेंद्र लाहिड़ी का है; इसे बांटने वाली राजनीति पर ताला लगाने का काम जनता को करना होगा।
प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर योगी सरकार को घेरते हुए संजय सिंह ने कहा कि यूपी में 27 हजार सरकारी स्कूल बंद कर 27 हजार शराब के ठेके खोल दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में छतें टूट रही हैं, मासूम बच्चे टाट-पट्टी पर बैठने को मजबूर हैं, बच्चियों के लिए शौचालय नहीं हैं और मिड-डे मील में नमक-रोटी परोसी जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सोचती है कि जब भारत अनपढ़ रहेगा तभी ‘अंधभक्त’ बनेगा, लेकिन इस बार यूपी का चुनाव 80-20 पर नहीं बल्कि बच्चों की फीस और स्कूल पर होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप सरकार ने एसी कमरों, स्विमिंग पूल और खेल मैदानों वाले ऐसे सरकारी स्कूल बनाए जिन्हें देखने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की पत्नी भी पहुंचीं, वहीं पंजाब नीति आयोग की रिपोर्ट में शिक्षा के मामले में 27वें से पहले स्थान पर पहुंच गया।
रोजगार के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे और ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर पूरे शहर को बंद किया गया, लेकिन पूरे देश से चुने गए 52 आईटीआई छात्रों में यूपी से केवल 6 छात्र थे जिन्हें सम्मानित किया गया लेकिन किसी को नौकरी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि 10 साल में केंद्र व प्रदेश की सरकार ने युवाओं को नौकरी के नाम पर केवल ‘गोबर-गोमूत्र’ की नसीहत दी और रोजगार मांगने पर लाठियां बरसाईं। उन्होंने 69000 शिक्षक भर्ती घोटाले के पीड़ित ओबीसी अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने और सत्ता में आने पर सभी घोटालेबाजों को जेल भेजने का वादा किया। अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि किसान का बेटा -50 डिग्री सियाचिन और +50 डिग्री जैसलमेर में बिना पेंशन व मेडिकल सुविधा के 4 साल की नौकरी करे, और अमित शाह का बेटा जय शाह बीसीसीआई का चेयरमैन बने—यह दोहरी व्यवस्था मंजूर नहीं है। उन्होंने मांग की कि भाजपा सांसदों, विधायकों व मंत्रियों के बच्चों को भी अग्निवीर बनाकर सियाचिन भेजा जाए।
भ्रष्टाचार और आर्थिक नीतियों पर केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की कर्जमाफी, घर, सड़क और फसल के दाम के लिए पैसे न होने का रोना रोती है, लेकिन चंद पूंजीपतियों का 17 लाख करोड़ रुपये और 43 कंपनियों का साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये माफ कर दिया गया। उन्होंने कहा कि ललित मोदी, विजय माल्या, नीरव मोदी और नितिन संदेसरा जैसे लोग हजारों करोड़ लेकर विदेश भाग गए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने अयोध्या में 2 करोड़ की जमीन साढ़े 18 करोड़ में खरीदकर, निर्माण में 40 प्रतिशत कमीशन लेकर तथा चढ़ावे, आभूषण व चांदी की ईंट तक में चोरी कर राम के नाम को बदनाम किया है। इसके अलावा जल जीवन मिशन में 30 हजार करोड़ रुपये के घोटाले पर उन्होंने कहा कि गांवों में पाइप के नाम पर सड़कें खोद दी गईं और टंकियां हवा में उड़ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हवाई जहाज, एयरपोर्ट, कोयला, गैस, पानी और बिजली सब कुछ अदानी के हवाले कर दिया गया है।
प्रदेश के बिजली संकट पर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा पर तंज कसते हुए संजय सिंह ने कहा कि जब जनता बिजली न आने की शिकायत करती है तो मंत्री समाधान के बजाय ‘जय श्री राम’ कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम ने किसी को निकम्मा बनना या जनता को बिजली-पानी से वंचित करना नहीं सिखाया। नफरत से बाहर निकलने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश तभी आगे बढ़ेगा जब हम ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और विश्व कल्याण की भावना को अपनाएंगे, जहां हिंदू अपनी प्रार्थना के अंत में प्राणियों में सद्भावना की कामना करे और मुसलमान अपने पड़ोसी के घर चूल्हा जलने की चिंता करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से ईमानदारी की राजनीति को चुनने और आम आदमी पार्टी को मजबूत करने की अपील की।
इस कार्यक्रम में रुहेलखंड प्रांत अध्यक्ष हैदर भाई, बरेली जिलाध्यक्ष राम सिंह मौर्या, अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला, प्रांतीय कार्यकारिणी पदाधिकारी आसिफ मियां, तिरंगा शाखा प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर जनक प्रसाद, बरेली जिला प्रभारी नरेश गुप्ता, प्रदेश सचिव कृष्णा भारद्वाज, निर्मल मिश्रा, रामपुर जिलाध्यक्ष व चेयरमैन अंसार अहमद, मुरादाबाद जिलाध्यक्ष व चेयरमैन याकूब भाई, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष मनोज मिश्रा, पीलीभीत जिलाध्यक्ष अंकित मिश्रा, पंचायत प्रकोष्ठ अध्यक्ष विनय सिंह जाटव, लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी, बदायूं जिलाध्यक्ष भूदेव जी, राजीव यादव, दानिश तथा रामपुर चेयरमैन मामून भाई सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।



