भारत निर्माण में एनसीसी की बदलती भूमिका और युवा शक्ति का नया दृष्टिकोण
एनसीसी दिवस पर विशेष लेख - राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व, राष्ट्रीय सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और 'विकसित भारत 2047' में NCC की भूमिका के बारे में जानें।

– राकेश मिश्रा

वर्ष 2002 में मैं 2 यूपी आर्टिलरी एनसीसी का कैडेट था। एक प्रशिक्षण शिविर के दौरान हमारे कमान अधिकारी कर्नल त्रिपाठी ने वर्दी का महत्व समझाते हुए कहा था कि सेना हो या एनसीसी, वर्दी केवल पहनावा नहीं होती। वह त्याग, समर्पण, अनुशासन, जिम्मेदारी, सेवा और राष्ट्र के प्रति निष्ठा का प्रतीक है। उसकी गरिमा कभी कम नहीं होनी चाहिए। वर्षों बाद भी उनकी यह सीख मेरे मन में उतनी ही स्पष्ट है। आज समझ आता है कि एनसीसी का उद्देश्य केवल युवाओं को वर्दी पहनाना नहीं बल्कि उन्हें उस वर्दी के मूल्यों के अनुरूप चरित्रवान और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
भारत में एनसीसीदिवस हर साल नवंबर महीने के चौथे रविवार को मनाया जाता है। साल 2026 में यह 22 नवंबर को एनसीसीका 79वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। 1948 में नवंबर के चौथे रविवार को ही राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की पहली यूनिट दिल्ली में स्थापित की गई थी।
एनसीसी दिवस पर प्रश्न केवल यह नहीं होना चाहिए कि संगठन ने कितनी उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि यह भी होना चाहिए कि आने वाले भारत के निर्माण में उसकी भूमिका कितनी निर्णायक हो सकती है।
राष्ट्रीय कैडेट कोर ने 1948 से अब तक देश के युवाओं में अनुशासन, एकता और सेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रक्षा मंत्रालय की जनवरी 2026 की जानकारी के अनुसार, एनसीसी की पहुंच देश के 90 प्रतिशत से अधिक जिलों तक है। इसके कैडेटों की संख्या लगभग 20 लाख है और इनमें करीब 40 प्रतिशत बालिका कैडेट हैं। यह व्यापक पहुंच संगठन की ताकत है लेकिन अब अगला लक्ष्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं बल्कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उसके सामाजिक परिणामों को बेहतर बनाना होना चाहिए।
किसी कैडेट की सफलता केवल परेड में उसके प्रदर्शन या प्रमाणपत्र से नहीं मापी जानी चाहिए। यह भी देखा जाना चाहिए कि वह कठिन परिस्थिति में निर्णय कैसे लेता है, टीम के साथ कैसे काम करता है, तकनीक का उपयोग कितनी समझदारी से करता है और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी किस तरह निभाता है। एनसीसी को उपस्थिति और गतिविधियों के आधार पर ही नहीं बल्कि प्रशिक्षित युवा की वास्तविक क्षमता और उसके योगदान के आधार पर भी परखा जाना चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देशभर में लगभग 75 हजार एनसीसी कैडेटों ने स्वेच्छा से नागरिक प्रशासन की सहायता, चिकित्सा सहयोग, राहत सामग्री वितरण और सामुदायिक सेवा जैसे कार्यों में भाग लिया। यह योगदान एनसीसी की उस क्षमता को सामने लाता है, जो सामान्य प्रशिक्षण से आगे बढ़कर राष्ट्रीय आवश्यकता के समय उपयोगी सिद्ध होती है।
भारत भौगोलिक और जलवायु की दृष्टि से विविध चुनौतियों वाला देश है। कहीं बाढ़, कहीं भूस्खलन, कहीं चक्रवात तो कहीं अन्य प्राकृतिक आपदाएँ आती हैं। ऐसे में प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, संचार, राहत प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण युवाओं को सक्षम बना सकता है।
‘युवा आपदा मित्र’ योजना के अंतर्गत 28 राज्यों के 315 जिलों के लगभग 94,400 एनसीसी कैडेटों को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण से जोड़ने की पहल की गई। इसे नियमित अभ्यास और व्यावहारिक दक्षता के मूल्यांकन से जोड़ना चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कैडेट प्रशिक्षित सहयोगी की भूमिका निभा सकें।
आज राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है। साइबर हमले, डिजिटल धोखाधड़ी, तकनीकी निर्भरता और सूचना की विश्वसनीयता भी नई चुनौतियाँ हैं। ड्रोन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी तकनीकें सुरक्षा, उद्योग, कृषि और आपदा प्रबंधन तक अनेक क्षेत्रों को प्रभावित कर रही हैं।
एनसीसी में ड्रोन प्रशिक्षण की शुरुआत एक महत्वपूर्ण कदम है। जनवरी, 2026 में रक्षा मंत्रालय ने चार दूरस्थ विमान संचालन प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से कैडेटों को ड्रोन उड़ान प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी दी थी। लेकिन प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल ड्रोन उड़ाना सिखाना नहीं होना चाहिए। इसमें तकनीक की समझ, सुरक्षित संचालन, रखरखाव, नियमों का पालन और उसके उपयोग की सीमाओं की जानकारी भी शामिल होनी चाहिए।
इसी प्रकार, एनसीसी और राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान के बीच अप्रैल, 2026 में शुरू किया गया साइबर सुरक्षा कार्यक्रम उल्लेखनीय है। इसके पहले चरण में सभी नामांकित कैडेटों के लिए 15 घंटे का ऑनलाइन जागरूकता प्रशिक्षण और चयनित कैडेटों के लिए 60 घंटे का व्यावहारिक साइबर डिफेंडर प्रशिक्षण निर्धारित किया गया है। ऐसी पहल से कैडेट केवल तकनीक के उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि डिजिटल सुरक्षा के जिम्मेदार और जागरूक नागरिक भी बन सकते हैं।
एनसीसी में विकसित अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व, टीम भावना और जिम्मेदारी ऐसे गुण हैं, जिनकी आवश्यकता शिक्षा, रोजगार, उद्योग, प्रशासन और उद्यमिता—हर क्षेत्र में होती है। इसलिए एनसीसी प्रशिक्षण को कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं से जोड़ना समय की मांग है। विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, उद्योगों और कौशल विकास संस्थाओं के साथ साझेदारी विकसित की जा सकती है। पूर्व कैडेटों को मार्गदर्शक बनाकर वर्तमान युवाओं को शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के अवसरों से परिचित कराया जा सकता है।
इसके लिए एक ‘कैडेट कौशल अभिलेख’ विकसित करने का सुझाव विचारणीय है। इसमें कैडेट के प्रशिक्षण, व्यावहारिक दक्षता, नेतृत्व अनुभव, तकनीकी कौशल और सामाजिक सेवा का प्रमाणित विवरण हो। इससे प्रमाणपत्र के साथ उसकी वास्तविक क्षमता भी सामने आएगी और शिक्षण संस्थानों तथा नियोक्ताओं को उसके कौशल का आकलन करने में सहायता मिलेगी।
एनसीसी का उद्देश्य किसी कैडेट को नौकरी की गारंटी देना नहीं, बल्कि उसे ऐसा सक्षम नागरिक बनाना होना चाहिए जो अपने लिए अवसर खोज सके और दूसरों के लिए भी अवसर पैदा कर सके।
एनसीसी में बालिका कैडेटों की बढ़ती भागीदारी सकारात्मक परिवर्तन है। लेकिन समान अवसर का अर्थ केवल संख्या में भागीदारी नहीं, बल्कि प्रशिक्षण, नेतृत्व और चुनौतीपूर्ण गतिविधियों में बराबर अवसर मिलना भी है।
भारतीय सेना की पूर्वी कमान से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिक्किम के नामची में आयोजित अखिल भारतीय बालिका पर्वतारोहण अभियान में 15 राज्यों की 1,530 बालिका कैडेटों ने छह शिविरों के माध्यम से भाग लिया। पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक ने स्वयं कैडेटों के साथ दुर्गम हिमालयी मार्गों पर पर्वतारोहण कर नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया।
यह पहल बताती है कि नेतृत्व केवल निर्देश देने से नहीं, बल्कि स्वयं चुनौती स्वीकार करने और साथियों के साथ आगे बढ़ने से विकसित होता है। ऐसे अभियान आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं। एनसीसी को बालिका कैडेटों के लिए ऐसे अवसर लगातार बढ़ाने चाहिए।
भारत की विविधता उसकी शक्ति है, लेकिन इस विविधता को समझने और सम्मान देने के लिए युवाओं के बीच प्रत्यक्ष संवाद आवश्यक है। एनसीसी के राष्ट्रीय एकता शिविर, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय युवा संपर्क कार्यक्रम इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अलग-अलग राज्यों और देशों के युवाओं को साझा प्रशिक्षण, साहसिक गतिविधियों और सांस्कृतिक संवाद के अवसर मिलने चाहिए। इससे वे एक-दूसरे की भाषा, परंपरा और सामाजिक परिस्थितियों को बेहतर समझ सकेंगे। ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने वाला कैडेट केवल अपने राज्य या देश का प्रतिनिधि नहीं होता, वह अपने व्यवहार से भारत की पहचान भी प्रस्तुत करता है। यही अनुभव आगे चलकर जन-स्तर पर विश्वास, सहयोग और मैत्री का आधार बन सकता है।
एनसीसी को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए पांच प्राथमिकताओं पर ठोस काम होना चाहिए- प्रशिक्षण का आधुनिकीकरण: पारंपरिक अनुशासन के साथ साइबर सुरक्षा, ड्रोन, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण। दक्षता का प्रमाणित मूल्यांकन: केवल उपस्थिति और प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि वास्तविक कौशल और कार्यक्षमता की जांच। शिक्षा और रोजगार से जुड़ाव: विश्वविद्यालयों, उद्योगों, तकनीकी संस्थानों और पूर्व कैडेटों के सहयोग से मार्गदर्शन और कौशल के अवसर। समान अवसर और युवा संपर्क: बालिका कैडेटों को नेतृत्व की जिम्मेदारी तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आदान-प्रदान के अधिक अवसर। परिणाम आधारित जवाबदेही: प्रशिक्षण के बाद कैडेट की क्षमता, सामाजिक योगदान और कार्यक्रमों के वास्तविक परिणामों का नियमित मूल्यांकन।
इन संकल्पों के माध्यम से एनसीसी को एक ऐसे राष्ट्रीय युवा संस्थान के रूप में विकसित किया जा सकता है, जो सशस्त्र सेनाओं के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय सुरक्षा की समझ बढ़ाने के साथ-साथ प्रशासन, विज्ञान, उद्योग, सामाजिक सेवा और उद्यमिता के लिए भी सक्षम नेतृत्व तैयार करे। एनसीसी सशस्त्र सेनाओं का विकल्प नहीं है; उसकी व्यापक भूमिका राष्ट्र के लिए जिम्मेदार और तैयार नागरिकों का निर्माण करना है।
विकसित भारत@2047 का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति या आधुनिक बुनियादी ढांचे से पूरा नहीं होगा। इसके लिए ऐसे नागरिक चाहिए जो अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को समझें, अवसरों के साथ जिम्मेदारियों को स्वीकार करें और व्यक्तिगत सफलता के साथ राष्ट्रहित को भी महत्व दें।
एनसीसी इस दिशा में एक प्रभावी आधार बन सकती है। आवश्यकता है कि प्रशिक्षण मैदान में सीखा गया अनुशासन जीवन में दिखाई दे, तकनीकी ज्ञान वास्तविक कौशल बने और सेवा की भावना समाज के प्रति ठोस योगदान में बदले। वर्ष 2002 में कर्नल त्रिपाठी सर द्वारा दी गई सीख आज भी मेरे लिए मार्गदर्शक है। वर्दी का गौरव उसके रंग, प्रतीक या परेड में नहीं, बल्कि उसे धारण करने वाले व्यक्ति के चरित्र और आचरण में होता है। क्योंकि वर्दी का सम्मान केवल उसे पहनने से नहीं, बल्कि उसके मूल्यों को जीवन में उतारने से होता है।
(लेखक स्वतंत्र पत्रकार)




