ताज़ा खबरेंदुनियादेशनई दिल्ली

भारतीय नौसेना का युद्धपोत त्रिशूल पहुंचा ग्रीस की सूडा खाड़ी

भारत और ग्रीस के बीच समुद्री सहयोग और नौसैनिक संबंधों को मजबूत करने के लिए, भारतीय नौसेना का युद्धपोत त्रिशूल 31 अक्टूबर, 2026 को ग्रीस की सूडा खाड़ी पहुंचा।

नई दिल्ली : भारतीय नौसेना का युद्धपोत त्रिशूल भूमध्य सागर में अपनी तैनाती के तहत 31 अक्टूबर 2026 को ग्रीस की सूडा खाड़ी पहुंच गया। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और यूनान (ग्रीस) की नौसेनाओं के बीच समुद्री सहयोग, पेशेवर संबंधों और आपसी समन्वय को और मजबूत करना है।

भारतीय नौसेना के अनुसार, सूडा खाड़ी में अपने प्रवास के दौरान त्रिशूल का चालक दल कई महत्वपूर्ण गतिविधियों में हिस्सा लेगा। इनमें यूनानी नौसेना और भारतीय दूतावास के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें, पेशेवर विचार-विमर्श, दोनों देशों के नौसैनिक जहाजों का दौरा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के कार्यक्रम शामिल हैं।

इस यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना के अधिकारियों और चालक दल को नेवल सपोर्ट एक्टिविटी (एनएसए) सूडा बे तथा नाटो मैरीटाइम इंटरडिक्शन ऑपरेशनल ट्रेनिंग सेंटर (एनएमआईओटीसी) की सुविधाओं से भी परिचित कराया जाएगा।इसके अलावा, त्रिशूल का चालक दल सूडा बे युद्ध स्मारक कब्रिस्तान में श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। बंदरगाह पर ठहराव के दौरान यह युद्धपोत आगंतुकों के लिए भी खुला रहेगा, जिससे स्थानीय लोगों को भारतीय नौसेना के पोत को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें  Unnao New SP City: अपराध के चौतरफा घेरे में आयुष श्रीवास्तव, गौ तस्करी से साइबर ठगी तक—जनता के सामने पुराने सवाल फिर खड़े

भारतीय नौसेना के त्रिशूल की यह यात्रा भारत और ग्रीस के बीच बढ़ते रक्षा एवं समुद्री सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरे से दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच पेशेवर संपर्क, आपसी समझ और समुद्री क्षेत्र में सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।

यह यात्रा भूमध्य सागर क्षेत्र में भारतीय नौसेना की सक्रिय मौजूदगी और मित्र देशों के साथ मजबूत समुद्री साझेदारी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

Amresh Dwivedi

अमरेश द्विवेदी देश की एकमात्र बहुभाषी न्यूज़ एजेंसी हिंदुस्थान समाचार में कार्यरत हैं। इसके अलावा हिंदुस्थान समाचार की पाक्षिक पत्रिका युगवार्ता और मासिक पत्रिका नवोत्थान के साथ ही विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में भी उनके आलेख छपते रहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button