Unnao Cyber Crime: गलती से ट्रांसफर हुए 14 लाख रुपये वापस, साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को मिली बड़ी राहत
उन्नाव साइबर क्राइम पुलिस ने गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 14 लाख रुपये वापस कराए। त्वरित कार्रवाई से पीड़ित विशाल कुमार साहू को मिली बड़ी राहत।

उन्नाव साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 14 लाख रुपये की पूरी रकम को आवेदक के खाते में वापस करा दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। मामले के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को आवेदक विशाल कुमार साहू पुत्र वासुदेव, निवासी राम प्रसाद खेड़ा, जसपुरा, जनपद उन्नाव द्वारा 14 लाख रुपये की धनराशि गलती से किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाना उन्नाव में की थी।
शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वॉलेट और बैंक से पत्राचार किया और फ्रॉड ट्रांजेक्शन को होल्ड करा दिया। आज 8 अक्टूबर 2026 को पूरी धनराशि को होल्ड कराकर आवेदक विशाल कुमार साहू के मूल खाते में वापस रिफंड करा दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। सराहनीय कार्य करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा, उप-निरीक्षक अजय पाल, मुख्य आरक्षी तरुण कुमार सिंह, कांस्टेबल प्रियांशी यादव, महिला आरक्षी अर्चना पाण्डेय, आरक्षी शम्सुद्दीन, आरक्षी मोनू यादव और आरक्षी पंकज यादव शामिल रहे।



