
नई दिल्ली : हंसराज महाविद्यालय में मीडिया जगत के प्रतिनिधियों के साथ दीपावली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रमा ने कहा कि नई पीढ़ी को संस्कारवान, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
प्रो. रमा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। एक बेहतर और सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं में नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का विकास बेहद जरूरी है। हंसराज महाविद्यालय इसी सोच के साथ विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और नैतिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पेशेवर बनाने के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने का प्रयास किया जाता है।
समारोह में प्रिंट और सोशल मीडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भी शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। पत्रकारों ने कहा कि बेहतर समाज और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने जोर दिया कि शैक्षणिक संस्थानों को केवल ज्ञान के प्रसार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, मानवीय मूल्यों और लोकतांत्रिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूकता भी विकसित करनी चाहिए। इस दौरान शिक्षा और मीडिया के बीच सार्थक संवाद एवं सहयोग को समय की आवश्यकता बताया गया। वक्ताओं का मानना था कि मीडिया और शैक्षणिक संस्थान मिलकर समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता को बढ़ावा दे सकते हैं।
मीडिया जगत के वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकारों से मुलाकात के दौरान प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रमा ने अपने महाविद्यालयीन जीवन और शुरुआती व्यावसायिक यात्रा से जुड़ी पुरानी यादें भी साझा कीं। पुराने परिचितों और मीडिया जगत के साथियों के साथ हुई बातचीत ने समारोह को और भी आत्मीय एवं यादगार बना दिया।
समारोह के समापन पर प्रो. रमा ने सभी पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि और मंगलमय भविष्य की कामना की। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह दीपावली मिलन समारोह हंसराज महाविद्यालय और मीडिया जगत के बीच संवाद, आपसी सहयोग और संबंधों को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर बना।




