
टोक्यो : भारत और जापान ने रक्षा सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 19 नवंबर 2026 को टोक्यो में जापान के रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइज़ुमी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस बैठक में दोनों देशों ने रक्षा, समुद्री सुरक्षा, सैन्य अभ्यास, रक्षा तकनीक और सैन्य सूचनाओं के आदान-प्रदान सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
बैठक के दौरान दोनों रक्षा मंत्रियों ने भारत में फायरिंग रेंज के उपयोग को लेकर आशय पत्र (LOI) पर हस्ताक्षर का स्वागत किया। इस समझौते के तहत जापान की सेल्फ डिफेंस फोर्स पहली बार भारत की फायरिंग रेंज में वास्तविक हथियारों के साथ सैन्य अभ्यास करेगी। इसमें सतह से जहाज पर मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल भी शामिल होगा।
दोनों देशों ने इस पहल को जल्द लागू करने के लिए रक्षा अधिकारियों के बीच समन्वय तेज करने पर सहमति जताई।
भारत और जापान ने अगस्त 2026 में हस्ताक्षरित समुद्री सुरक्षा सहयोग संबंधी व्यवस्था ज्ञापन के तहत हुई प्रगति का स्वागत किया। दोनों देश समुद्री सुरंगों (Naval Mines) का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की क्षमताओं को मजबूत करने के साथ-साथ नौसैनिक जहाजों के डिजाइन और निर्माण में संयुक्त विकास की संभावनाएं तलाशेंगे।
इसके अलावा, भारतीय नौसेना और जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी।
दोनों रक्षा मंत्रियों ने संयुक्त सैन्य अभ्यासों के माध्यम से बढ़ते रक्षा सहयोग की सराहना की। इनमें भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच आयोजित बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘मालाबार 2026’ और भारत-जापान समुद्री अभ्यास ‘JAIMEX-26’ प्रमुख हैं।
दोनों देशों ने विशेष अभियान बलों के बीच आपसी आदान-प्रदान और सहयोग बढ़ाने का भी निर्णय लिया।
रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देशों ने UNICORN से जुड़ी व्यवस्थाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही, फरवरी 2027 तक भारत को आवश्यकता की स्वीकृति (Acceptance of Necessity – AoN) मिलने की उम्मीद जताई।
भारत का रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और जापान की Acquisition, Technology & Logistics Agency (ATLA) अत्याधुनिक मिसाइलों और अन्य रक्षा प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में संयुक्त अनुसंधान एवं विकास सहयोग को आगे बढ़ाएंगे।
बैठक में दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच हवाई क्षेत्र की निगरानी और जागरूकता बढ़ाने के लिए सहयोग को प्रोत्साहित करने पर भी सहमति बनी।
दोनों मंत्रियों ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियां लगातार जटिल होती जा रही हैं। ऐसे में भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय, त्रिपक्षीय और बहुपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करना आवश्यक है।
बैठक के अंत में दोनों रक्षा मंत्रियों ने रक्षा सहयोग से जुड़ी पहलों को समयबद्ध तरीके से लागू करने और भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।





