भारत के जंगलों में गूंजी चीतों की नई किलकारी! बोत्सवाना से आई मादा चीता ने दिए 4 शावकों को जन्म, देश में संख्या हुई 62
बोत्सवाना से लाई गई एक मादा चीते ने जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। 'प्रोजेक्ट चीता' के तहत भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है।

नई दिल्ली : भारत में चीता संरक्षण अभियान ‘प्रोजेक्ट चीता’ को बड़ी सफलता मिली है। बोत्सवाना से भारत लाई गई मादा चीता ‘केओएमजी 3’ ने जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इस उपलब्धि के साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें भारत में जन्मे 43 चीते शामिल हैं।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस खुशखबरी की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने बताया कि ढाई वर्ष की मादा चीता केओएमजी 3 बोत्सवाना से भारत लाई गई पहली ऐसी मादा चीता है, जिसने देश में शावकों को जन्म दिया है।
मंत्री के अनुसार, शावकों को जन्म देने से पहले मादा चीता ने चार महीने से अधिक समय तक जंगल में प्राकृतिक परिस्थितियों में जीवन बिताया। इसके बाद उसने जंगल में ही चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। यह भारत में चीता पुनर्वास और संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
वर्ष 2022 में शुरू हुए चीता पुनर्वास कार्यक्रम के बाद जंगल में शावकों के जन्म की यह दूसरी दर्ज घटना है। इससे संकेत मिलता है कि भारत में चीतों को प्राकृतिक वातावरण के अनुकूल बनाने और उनकी प्रजनन क्षमता को बढ़ावा देने के प्रयास सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं।
चार नए शावकों का जन्म भारत में चीतों की व्यवहार्य और स्थायी आबादी विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चार शावकों के जन्म के बाद देश में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। इनमें 43 चीते भारत में जन्मे हैं। यह आंकड़ा देश में चल रहे चीता संरक्षण अभियान की प्रगति को दर्शाता है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस उपलब्धि को ‘प्रोजेक्ट चीता’ के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ बताते हुए कहा कि प्रत्येक नए शावक का जन्म संरक्षण की उम्मीदों को आगे बढ़ाता है और वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
भूपेंद्र यादव ने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े विशेषज्ञों, परियोजना प्रबंधकों, पशु चिकित्सकों और वन विभाग के अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि चीतों के संरक्षण और भारत में उनकी स्थायी आबादी विकसित करने के लिए धैर्य, समर्पण, निरंतर प्रयास और सामूहिक जिम्मेदारी की आवश्यकता है। इस सफलता के पीछे दिन-रात काम करने वाले वन कर्मचारियों और विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
भारत में चीता पुनर्वास का उद्देश्य देश में इस प्रजाति की व्यवहार्य आबादी को दोबारा स्थापित करना है। जंगल में मादा चीता द्वारा चार शावकों को जन्म देना इस दिशा में उत्साहजनक उपलब्धि है। यह सफलता न केवल भारत के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों को नई मजबूती देती है, बल्कि आने वाले समय में देश में चीतों की स्थायी आबादी विकसित करने की उम्मीद भी बढ़ाती है।






