भारत-मलेशिया संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमौ शक्ति 2026’ शुरू, आतंकवाद विरोधी अभियानों और ड्रोन तकनीक पर रहेगा फोकस
भारत और मलेशिया ने इपोह में 6वें 'हरिमऊ शक्ति 2026' सैन्य अभ्यास की शुरुआत की है। इसमें 240 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं और यह अभ्यास आतंकवाद-रोधी कार्रवाई, संयुक्त अभियानों और ड्रोन तकनीक पर केंद्रित है।

इपोह (मलेशिया) : भारत और मलेशिया के बीच छठा संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमौ शक्ति 2026’ 19 नवंबर को मलेशिया के इपोह में शुरू हो गया। 30 नवंबर तक चलने वाले इस सैन्य अभ्यास में दोनों देशों के 120-120 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत उप-पारंपरिक अभियानों के संचालन में दोनों सेनाओं की संयुक्त क्षमता और आपसी तालमेल को मजबूत करना है।
अभ्यास के दौरान आतंकवाद विरोधी अभियानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसमें जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में संयुक्त सैन्य कार्रवाई, सामरिक योजना, निगरानी और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण शामिल है। दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे की परिचालन प्रक्रियाओं को समझने के साथ संयुक्त अभियानों का अभ्यास करेंगी।
प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त कमांड पोस्ट और निगरानी केंद्र स्थापित करने, छापेमारी, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान तथा युद्धक इंजीनियरिंग से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा, टोही और निगरानी के लिए मानवरहित हवाई प्रणालियों (UAS) तथा दुश्मन के ड्रोन का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए काउंटर-ड्रोन प्रणालियों (C-UAS) के इस्तेमाल पर विशेष जोर रहेगा।
हरिमौ शक्ति 2026 का समापन आतंकवाद विरोधी अभियान के एक काल्पनिक परिदृश्य पर आधारित संयुक्त अभ्यास के साथ होगा। इसमें दोनों देशों की सेनाएं समन्वित जमीनी कार्रवाई, एकीकृत निगरानी और मानवरहित प्रणालियों के माध्यम से अपनी परिचालन क्षमता का प्रदर्शन करेंगी।
गौरतलब है कि ‘हरिमौ शक्ति’ भारत और मलेशिया के बीच आयोजित होने वाला द्विपक्षीय सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास है, जिसे बारी-बारी से दोनों देशों में आयोजित किया जाता है। इस अभ्यास से दोनों सेनाओं को रणनीतिक, तकनीकी और परिचालन अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, सैन्य समन्वय और आपसी विश्वास मजबूत होगा।





