ITI Admission 2026: लखनऊ में रिक्त सीटों पर वॉक-इन प्रवेश 19 अक्टूबर तक, दोपहर 12 बजे है आखिरी मौका

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यानी आईटीआई प्रवेश सत्र 2026 के अंतर्गत पंचम चरण में प्रवेश की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसके तहत जनपद लखनऊ स्थित समस्त राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के विभिन्न व्यवसायों यानी ट्रेड्स के अंतिम चरण में रिक्त रह गई सीटों पर वॉक-इन माध्यम से सीधे प्रवेश का अवसर प्रदान किया जा रहा है। प्रवेश के इच्छुक अर्ह अभ्यर्थी 19 अक्टूबर 2026 को मध्यान्ह 12 बजे तक उपस्थित होकर सीधे दाखिला ले सकते हैं। यह उन अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर है जो अब तक किसी कारणवश प्रवेश नहीं ले पाए हैं।
राजकीय आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य राज कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने सत्र 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है तथा ऐसे अभ्यर्थी जिनका अब तक किसी भी चरण में प्रवेश नहीं हो सका है, अथवा पूर्व में चयनित होने के बावजूद किसी कारणवश निर्धारित समय में प्रवेश नहीं ले सके थे, वे सभी अभ्यर्थी इस वॉक-इन प्रक्रिया के तहत रिक्त सीटों पर प्रवेश पाने के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए, क्योंकि यह सत्र 2026 का अंतिम प्रवेश अवसर है।
प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खां ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी जनपद लखनऊ के किसी भी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर तत्काल प्रवेश ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को संस्थान में कुछ अभिलेख अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने होंगे, जिनमें प्रवेश हेतु प्रार्थना पत्र, ऑनलाइन भरे गए आवेदन पत्र की प्रति, अधिकृत रैंक पत्र, आधार कार्ड तथा समस्त आवश्यक शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र की मूल और स्वप्रमाणित छायाप्रतियां शामिल हैं। इनके बिना प्रवेश की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकेगी, इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
नोडल प्रधानाचार्य ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय का विशेष ध्यान रखते हुए 19 अक्टूबर 2026 को मध्यान्ह 12 बजे तक जनपद के किसी भी नजदीकी राजकीय आईटीआई में समस्त आवश्यक प्रपत्रों के साथ पहुंचकर इस अंतिम अवसर का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि देर से पहुंचने पर प्रवेश नहीं मिल सकेगा, इसलिए समय सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी धर्मवीर खरे के मोबाइल नंबर 8737008603 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से सभी राजकीय आईटीआई संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया के लिए जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं और अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर अभ्यर्थियों की सहायता कर रहे हैं।


