ताज़ा खबरेंलखनऊ

यूपी: अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा—बूथ मजबूत करो, 2027 में कोई चूक नहीं

लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं से मिले अखिलेश यादव। बोले—चुनाव बूथ पर जीते जाते हैं, 2027 विधानसभा चुनाव में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।

लखनऊ ब्यूरो: अखिलेश यादव ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सतर्क और संगठित रहने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चुनावी जीत की असली लड़ाई बूथ स्तर पर लड़ी जाती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ पर मजबूती से काम करना होगा। मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में सुरक्षित रखना और बूथ को जिताना ही समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने फार्म-6 के जरिए छूटे हुए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

भाजपा-आरएसएस पर हमला

सपा प्रमुख ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा संघ परिवार की सोच से है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे नरेटिव गढ़ने और जनता को भ्रमित करने में माहिर है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया में एक भी घुसपैठिया नहीं मिला, फिर भी लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई।

यह भी पढ़ें  Holi 2026: यूपी में उज्ज्वला लाभार्थियों की मनेगी 'फ्री' वाली होली, सरकार दे रही मुफ्त गैस सिलेंडर, ऐसे उठाएं लाभ

सरकार से जनता परेशान

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से बेहद परेशान है। भ्रष्टाचार हर स्तर पर फैला हुआ है, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और महिला अपराध व साइबर क्राइम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि लखनऊ जैसे शहरों के बड़े अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में भी गुणवत्तापूर्ण इलाज नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि सरकार पर्याप्त बजट नहीं दे रही है।

सपा सरकार के काम गिनाए

अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि लोहिया संस्थान, सैफई मेडिकल कॉलेज और विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान सपा सरकार की देन हैं। केजीएमयू और पीजीआई जैसी संस्थाओं में सुविधाओं का विस्तार किया गया था, जबकि मौजूदा सरकार में व्यवस्थाएं कमजोर हुई हैं। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है और कार्यकर्ताओं को अपने व्यवहार और काम से इस भरोसे को और मजबूत करना होगा।

यह भी पढ़ें  वायरल वीडियो में पत्नी ने पति के सामने किया खुलासा: ‘शादी के बाद भी दूसरा रास्ता चुन लिया’ — क्या ये असली घटना है?

विदेशी ताकतों को लेकर तंज

अखिलेश यादव ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो पार्टी कभी विदेशी और चीनी सामान के बहिष्कार की बात करती थी, वही आज विदेशी ताकतों का खुलेआम स्वागत कर रही है। उन्होंने कहा कि सच सामने आने पर भाजपा का असली चेहरा उजागर हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button