बेटी को पीटा, कपड़े-जेवर छीने और डेढ़ साल की पोती संग घर से निकाला—पिता ने मांगी न्याय

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के आसीवन थाना क्षेत्र स्थित जाहरूल्ला नगर में एक पिता ने अपनी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और डेढ़ साल की पोती के साथ घर से निकाल देने का गंभीर आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़ित पिता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। इससे पहले उन्होंने संबंधित थाने में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई समाधान न मिलने पर अब उन्होंने एसपी से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। जाहरूल्ला नगर निवासी मेहंदीहसन खां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी अरशद बानो का निकाह 12 नवंबर 2023 को मोक्ष काशीम नगर निवासी आरिफ खान के साथ हुआ था। उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार करीब 10 लाख रुपये खर्च कर शादी की और दान-दहेज भी दिया। लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।
मेहंदीहसन के मुताबिक, बेटी के पति आरिफ खान, सास आसिया और जेठ अख्खेखान ने अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये नकद, एक तोला सोने की चेन और अपाचे बाइक की मांग की। शादी के समय उन्होंने स्प्लेंडर बाइक दी थी, लेकिन ससुराल वाले अपाचे बाइक चाहते थे। दंपति की डेढ़ साल की एक बेटी हिबा भी है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर अरशद बानो को कम दहेज लाने का ताना देकर पीटा और प्रताड़ित किया जाता था। बीमार होने पर उसका इलाज भी नहीं कराया गया। पिता का आरोप है कि करीब छह महीने पहले ससुराल वालों ने मारपीट कर बेटी के कपड़े और जेवर छीन लिए और उसे डेढ़ साल की हिबा के साथ घर से बाहर निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में रह रही है।
मेहंदीहसन ने बताया कि उन्होंने ससुराल वालों से बेटी को बिना किसी विवाद के रखने का आग्रह किया था, लेकिन उन्होंने अतिरिक्त दहेज के बिना उसे रखने से साफ इनकार कर दिया। परिवार में सुधार की उम्मीद में उन्होंने काफी समय तक कोई शिकायत नहीं की, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला, तो उन्होंने थाने में प्रार्थना पत्र देने के साथ-साथ गुरुवार को एसपी से भी शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि उनकी बेटी और पोती को न्याय मिल सके और भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।




