Unnao News: सेवा ज्योति यात्रा में मशाल की चिंगारी से भाजपा विधायक बृजेश रावत समेत कार्यकर्ता झुलसे, दो घंटे लगा जाम

उन्नाव में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा के दौरान एक अप्रिय घटना सामने आई। श्रीरामलीला मैदान के पास धक्कामुक्की के दौरान मशाल का जलता ईंधन नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर मोहान से भाजपा विधायक बृजेश रावत और भाजपा कार्यकर्ता मिलन पांडेय के हाथ झुलस गए। इसी दौरान गांधी नगर तिराहे पर मशाल की चिंगारी से सूखी घास में आग लग गई, जिससे जिले की प्रभारी मंत्री और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी की साड़ी में आग लग गई। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने प्रभारी मंत्री की साड़ी में आग लगने की घटना से इनकार किया है और कहा कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
झुलसे विधायक और कार्यकर्ता को तुरंत जिला अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को भर्ती कर लिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम घनश्याम मीना और एसपी जयप्रकाश सिंह अस्पताल पहुंचे और विधायक से वार्ता कर सीएमएस डॉ. एसके शुक्ला को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएमएस ने बताया कि विधायक और कार्यकर्ता के हाथ झुलसे हैं, लेकिन अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर और सामान्य है। वहीं यात्रा के दौरान पुलिस और यातायात विभाग की लचर कार्यशैली के चलते आम जनता को करीब दो घंटे तक जाम की समस्या से परेशान होना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है, ताकि आगे ऐसी स्थिति न बने।



