संविधान दिवस पर लखनऊ में निकलेगा ‘संविधान रक्षा मार्च’, मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे नेतृत्व
संविधान दिवस (26 नवंबर) पर लखनऊ में निकलेगा ‘संविधान रक्षा मार्च’। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा, हजरतगंज तक निकलेगी यात्रा।

लखनऊ। आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राजधानी लखनऊ में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में यह मार्च प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा (हजरतगंज) तक आयोजित होगा।
इस आयोजन की तैयारियों को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राज्यसभा में उपनेता एवं सांसद श्री प्रमोद तिवारी की मौजूदगी में महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’, पूर्व सांसद श्री पी.एल. पुनिया तथा सांसद श्री तनुज पुनिया सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक में संविधान रक्षा मार्च को सफल एवं प्रभावशाली बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें मार्च में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से इस महत्वपूर्ण आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई।
इसके साथ ही आम जनता की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और मार्च के दौरान भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी वरिष्ठ कांग्रेसजनों को सौंपी गई। पार्टी नेताओं ने आयोजन को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने पर जोर दिया।
बैठक में अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में श्री शिव पाण्डेय, डॉ. आर.पी. त्रिपाठी, श्री ओंकारनाथ सिंह, श्री द्विजेन्द्र त्रिपाठी, श्री वीरेन्द्र मदान, श्रीमती प्रियंका गुप्ता, श्री मनीष हिन्दवी, श्री अली आसिफ जमा रिजवी एडवोकेट, सुश्री शालिनी सिंह, लखनऊ शहर कांग्रेस कमेटी उत्तरी के अध्यक्ष श्री अमित श्रीवास्तव त्यागी, लखनऊ शहर कांग्रेस कमेटी दक्षिणी के अध्यक्ष डॉ. शहजाद आलम तथा श्री के.के. पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस का यह संविधान रक्षा मार्च संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।




