देशनई दिल्लीबड़ी खबर

SCO सभ्यता संवाद मंच में भारत की पांडुलिपि विरासत पर मंथन, ज्ञान भारतम् मिशन ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर दिया जोर

नई दिल्ली में एससीओ सभ्यता संवाद मंच 2026 के दौरान ज्ञान भारतम् मिशन ने पांडुलिपि संरक्षण, डिजिटलीकरण, AI और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विशेष सत्र आयोजित किया।

नई दिल्ली: भारत की समृद्ध पांडुलिपि विरासत, प्राचीन भाषाओं और लिपियों के संरक्षण तथा वैश्विक स्तर पर ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22 नवंबर को नई दिल्ली के पुराना किला में प्रथम SCO सभ्यता संवाद मंच (1st SCO Civilization Dialogue Forum) के तहत विशेष सत्र आयोजित किया गया। संस्कृति मंत्रालय के ज्ञान भारतम् मिशन की ओर से आयोजित इस सत्र का विषय ‘भाषा, साहित्य, लिपि और पांडुलिपि परंपराएं’ रहा। इसमें SCO सदस्य देशों और संवाद साझेदार देशों के विद्वानों, विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

20 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित इस मंच का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। सत्र के दौरान पांडुलिपियों के संरक्षण, डिजिटलीकरण, अनुवाद, शोध और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

THE DiMo – Dimsum & Momo की ओर से आपको और आपके परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ।

ज्ञान भारतम् मिशन के CEO एवं संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव इंद्रजीत सिंह ने SCO देशों के प्रतिनिधियों को मिशन की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत सर्वेक्षण एवं सूचीकरण, संरक्षण एवं क्षमता निर्माण, तकनीक एवं डिजिटलीकरण, भाषाविज्ञान एवं अनुवाद तथा शोध, प्रकाशन एवं जनसंपर्क के क्षेत्रों में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण के माध्यम से अब तक 1.26 करोड़ से अधिक पांडुलिपियों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है।

उन्होंने Gyan-MitramAI, पांडुलिपि दर्पण और BharatiyaGPT जैसी AI आधारित पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान भारतम् मिशन के लिए पांडुलिपियों का संरक्षण एक जिम्मेदारी के साथ-साथ विभिन्न देशों के साथ मिलकर काम करने का अवसर भी है। उन्होंने SCO क्षेत्र में भारतीय लिपियों के ऐतिहासिक महत्व और वैश्विक डिजिटल ज्ञान भंडार विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

खुशियों का त्योहार, स्वादिष्ट खाने के साथ! ✨ Anaya’s Kitchen की ओर से आपको और आपके परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ।

ज्ञान भारतम् मिशन के परियोजना निदेशक प्रो. अनिरबान दास ने सत्र का संचालन किया। उन्होंने कहा कि भाषा विचारों को अभिव्यक्ति देती है, साहित्य उन्हें संरक्षित करता है और पांडुलिपियां ज्ञान को पीढ़ियों तथा भौगोलिक सीमाओं के पार पहुंचाती हैं। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न देशों तक प्रसार और अनुवाद की ऐतिहासिक भूमिका को भी रेखांकित किया।

यह भी पढ़ें  पश्चिम विहार रामलीला में मनाया गया श्रीराम जन्मोत्सव

सत्र में चार प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें भारत की भाषाई एवं लिपिगत विरासत और एशियाई भाषाओं पर उसका प्रभाव, एशिया में भारतीय साहित्य का प्रसार एवं अनुवाद, दुनिया के विभिन्न देशों में भारतीय पांडुलिपियों की उपस्थिति तथा ज्ञान भारतम् मिशन के माध्यम से पांडुलिपि विरासत का डिजिटल भविष्य शामिल रहे।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रो. रजनीश कुमार मिश्रा ने भारत की विविध भाषाओं और लिपियों की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान एवं संस्कृति का प्रसार विभिन्न मार्गों से एशिया और दुनिया के अन्य क्षेत्रों तक हुआ। उन्होंने शंकराचार्य, रामशेखर और आचार्य अभिनवगुप्त जैसे विद्वानों के योगदान तथा क्षेत्रीय पांडुलिपि परंपराओं का उल्लेख किया।

कलकत्ता विश्वविद्यालय के संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. के.के. मिश्रा ने पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण, बहुभाषीय अनुवाद और AI तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने राष्ट्रीय डिजिटल रिपॉजिटरी (NDR) के माध्यम से वैश्विक स्तर पर पांडुलिपियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान फ्रांस की BnF, थाईलैंड, वियतनाम, मंगोलिया, रूस और Google Arts & Culture से जुड़े सहयोग के पहलुओं पर भी चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें  भारत आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त सुरक्षा मजबूत करने को तैयार, राजनाथ सिंह ने एडीएमएम-प्लस में दिया सहयोग का संदेश

TKDL यूनिट की प्रमुख डॉ. विश्वजननी जे. सत्तिगेरी ने पारंपरिक ज्ञान की सुरक्षा और बौद्धिक संपदा अधिकारों (IPR) के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पांडुलिपियों एवं पारंपरिक ज्ञान का डिजिटल दस्तावेजीकरण इस तरह होना चाहिए, जिससे ज्ञान की चोरी, गलत पेटेंट और अनधिकृत उपयोग को रोका जा सके। उन्होंने इस संदर्भ में TKDL जैसे मॉडल की उपयोगिता बताई।

IIT बॉम्बे के प्रो. के. रामा सुब्रमण्यम ने पांडुलिपियों को ज्ञान की सही व्याख्या और संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने पंचतंत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि इसका अनुवाद अरबी, फारसी सहित 50 से अधिक विदेशी भाषाओं में किया जा चुका है। उन्होंने अनुवाद के दौरान मूल ग्रंथों के भाव और अर्थ को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल दिया।

सत्र में ईरान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, कंबोडिया, उज्बेकिस्तान, लाओस और नेपाल सहित कई SCO देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने अपने देशों में पांडुलिपि संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की और ज्ञान भारतम् मिशन के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की इच्छा जताई।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पांडुलिपि संरक्षण, लिपि प्रशिक्षण, तुलनात्मक साहित्य अध्ययन, शोध एवं अनुवाद, सूचीकरण, शैक्षणिक आदान-प्रदान, अधिकृत डिजिटल पहुंच और संयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की। सत्र में इस बात पर जोर दिया गया कि भारत की पांडुलिपि विरासत केवल ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि विभिन्न सभ्यताओं को जोड़ने वाली साझा ज्ञान संपदा है।

Amresh Dwivedi

अमरेश द्विवेदी देश की एकमात्र बहुभाषी न्यूज़ एजेंसी हिंदुस्थान समाचार में कार्यरत हैं। इसके अलावा हिंदुस्थान समाचार की पाक्षिक पत्रिका युगवार्ता और मासिक पत्रिका नवोत्थान के साथ ही विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में भी उनके आलेख छपते रहते हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button