उन्नावउत्तर प्रदेशताज़ा खबरेंप्रयागराज

Ganga Expressway Accident: शिमला घूमने निकले 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराई कार

उन्नाव। एक खुशहाल सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। प्रयागराज से शिमला घूमने निकले चार दोस्तों की उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार टाटा पंच कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों युवकों की जिंदगी हमेशा के लिए थम गई।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:20 बजे आसीवन थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से दौड़ रही थी। बताया जा रहा है कि वाहन की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

मौके पर दो की मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें बैठे युवक अंदर फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजे काटकर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें  Unnao Election 2027: उन्नाव की 6 सीटों पर सियासी समीकरण और नेताओं की तैयारी

प्रयागराज के रहने वाले थे सभी युवक

पुलिस ने मृतकों की पहचान प्रयागराज के फूलपुर क्षेत्र के जाफरपुर निवासी उदय सिंह (26), अनुपम गुप्ता (32), बाबूगंज निवासी विजय (25) और प्रतापगढ़ के मांधाता निवासी अमन (28) के रूप में की है।

जानकारी के अनुसार अनुपम मोबाइल शॉप संचालित करते थे, जबकि विजय टेंट हाउस का कारोबार करते थे। उदय की जूते-चप्पलों की दुकान थी। वहीं अमन प्रतापगढ़ में व्यापार से जुड़े हुए थे और इन दिनों फूलपुर में अपनी रिश्तेदारी में रह रहे थे। चारों दोस्त वहीं से शिमला घूमने के लिए निकले थे।

आखिरी वीडियो बना यादगार

हादसे से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चारों दोस्त कार में बैठे हंसते-मुस्कुराते और सफर का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी का आखिरी वीडियो साबित होगा। वीडियो सामने आने के बाद परिवार और जानने वालों की आंखें नम हो गई हैं।

ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था

पुलिस के अनुसार जिस ट्रक से कार टकराई, उसमें तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके बाद चालक ने ट्रक को एक्सप्रेस-वे किनारे खड़ा कर दिया था। पीछे से आ रही कार तेज रफ्तार के कारण समय रहते ब्रेक नहीं लगा सकी और सीधे ट्रक में जा घुसी।

यह भी पढ़ें  उपराष्ट्रपति ने आईसीएसआई के 58वें स्थापना दिवस समारोह को किया संबोधित

कार से मिली बीयर की बोतल

जांच के दौरान पुलिस को कार के अंदर से बीयर की बोतलें भी मिली हैं। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय चालक नशे की हालत में हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

परिवारों में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही प्रयागराज और प्रतापगढ़ में मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। बाबूगंज बाजार की कई दुकानें शोक में बंद कर दी गईं। परिजन तत्काल उन्नाव के लिए रवाना हो गए। पूरे इलाके में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा है और हर कोई चार युवाओं की असमय मौत पर दुख जता रहा है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Prashant Tiwari

प्रशांत तिवारी एक अनुभवी ब्रॉडकास्ट जर्नलिस्ट, क्राइम इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टर और डिजिटल मीडिया स्ट्रैटेजिस्ट हैं। उन्होंने डीडी न्यूज़ (दूरदर्शन) में बतौर डिजिटल हेड की सेवाएं दीं और प्राइम टीवी में डिजिटल मार्केटिंग मैनेजर के रूप में न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स की डिजिटल ग्रोथ, ऑडियंस एंगेजमेंट और मल्टी-प्लेटफॉर्म मीडिया स्ट्रैटेजी पर महत्वपूर्ण काम किया। क्राइम इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के तौर पर उन्होंने कई न्यूज़ चैनलों के लिए अंडरकवर/स्पाई-स्टाइल रिपोर्टिंग, स्टिंग ऑपरेशन और फील्ड इन्वेस्टिगेशन किए। संगठित अपराध, साइबर क्राइम, ड्रग्स सिंडिकेट, मानव एवं गौवंश तस्करी और फर्जीवाड़े जैसे विषयों पर उनकी इन्वेस्टिगेशन चर्चित रहीं। कई संवेदनशील मामलों में उन्होंने क्षेत्रीय पुलिस को जरूरी इनपुट व सहयोग उपलब्ध कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button