मुंबई। मायानगरी मुंबई के कैम्प्स कॉर्नर स्थित Crossword Bookstore में आयोजित “एन ईवनिंग ऑफ यंग वर्ड्स” कार्यक्रम में युवा कवयित्री Yashvi Lodha की दूसरी पुस्तक The Teenage Chronicles – Book 2 पर सार्थक और गहन चर्चा हुई। इस गरिमामय साहित्यिक आयोजन में बॉलीवुड और साहित्य जगत की कई चर्चित हस्तियों ने भाग लेकर पुस्तक के विषय, भाव और युवा पीढ़ी से उसके जुड़ाव पर अपने विचार साझा किए।
इस खास मौके पर Esha Deol, Rakul Preet Singh और Jackky Bhagnani जैसे फिल्मी सितारों के साथ वरिष्ठ साहित्यकार Manju Lodha की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। कार्यक्रम में कई सोशलाइट्स, परिवार के सदस्य और शुभचिंतक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने युवा लेखिका को अपना समर्थन और सराहना दी।
The Teenage Chronicles – Book 2 कुल 45 कविताओं का संग्रह है, जो किशोरावस्था के जटिल और संवेदनशील अनुभवों को बेहद ईमानदारी से सामने लाता है। इस पुस्तक में पहचान की खोज, सामाजिक दबाव, अकेलापन, आत्म-संदेह, उम्मीद और आत्म-स्वीकृति जैसे विषयों को गहराई से छुआ गया है। खास बात यह है कि यह संग्रह उन भावनाओं को आवाज़ देता है, जिन्हें अक्सर युवा महसूस तो करते हैं, लेकिन व्यक्त नहीं कर पाते।
किताब की कविताएँ आज की युवा पीढ़ी पर बढ़ते दबाव, तुलना की संस्कृति और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को भी उजागर करती हैं। इसमें बचपन से युवावस्था की ओर बढ़ते समय आने वाले बदलाव, भविष्य को लेकर अनिश्चितता और भीतर चल रहे संघर्षों को बेहद संवेदनशीलता से प्रस्तुत किया गया है। साथ ही, यह संग्रह पाठकों को आत्मचिंतन और आत्म-समझ की ओर प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान यशवी लोढ़ा ने अपनी कविताओं का लाइव पाठ भी किया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। इसके बाद आयोजित इंटरैक्टिव सेशन और बुक साइनिंग में लोगों ने उनके साथ संवाद किया और उनकी रचनात्मक प्रक्रिया को करीब से समझा। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और उत्साह ने यह साबित कर दिया कि आज के दौर में युवा लेखकों और उनकी आवाज़ को समाज में तेजी से पहचान मिल रही है।
