श्री झूलेलाल मंदिर पटेल नगर के चुनाव पर विवाद, धांधली के आरोपों के बीच 15 साल के ऑडिट का हिसाब मांगा
मतदाता सूची की पारदर्शिता और चुनाव प्रक्रिया पर उठे सवाल, पूर्व प्रबंधन समिति से दस्तावेज सौंपने तथा स्वतंत्र जांच कराने की मांग

नई दिल्ली : श्री भगवान झूलेलाल मंदिर, पटेल नगर की चुनाव प्रक्रिया और प्रबंधन व्यवस्था को लेकर सिंधी समाज में विवाद गहरा गया है। मंदिर के सदस्यों, पूर्व पदाधिकारियों और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने चुनाव में कथित अनियमितताओं, मतदाता सूची में पारदर्शिता की कमी और पिछले करीब 15 वर्षों के खातों का ऑडिट उपलब्ध नहीं कराने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने मंदिर प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और संस्था के वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की।
प्रेस वार्ता में सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया (उत्तर भारत) के अध्यक्ष अशोक लालवानी ने आरोप लगाया कि मंदिर में करीब 11 वर्षों तक चुनाव नहीं कराए गए, जबकि संस्था के संविधान के अनुसार पदाधिकारियों का कार्यकाल एक या दो वर्ष निर्धारित है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 15 वर्षों के ऑडिटेड खातों का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है। मंदिर में चढ़ावे, दान और भवन के किराये से होने वाली आय का पारदर्शी हिसाब समाज के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने पुरानी प्रबंधन समिति से नई समिति को सभी आवश्यक दस्तावेज सौंपने की भी मांग की।
अध्यक्ष पद की उम्मीदवार समीरा चुगानी ने मतदाता सूची को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव की घोषणा के बावजूद मतदाता सूची उपलब्ध नहीं कराई गई। वर्ष 2018 की पुरानी सूची के आधार पर चुनाव कराने की बात कही गई, जबकि इस दौरान कई सदस्यों की मृत्यु हो चुकी है या वे अन्य स्थानों पर चले गए हैं। वहीं, वर्ष 2018 के बाद बनाए गए कई नए सदस्यों के नाम भी सूची में शामिल नहीं किए गए। उन्होंने नामांकन की समय-सीमा और चुनाव अधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
सिंधी समाज के सदस्य गौतम थवानी ने बताया कि उन्हें पीठासीन अधिकारी बनाए जाने की बात कही गई थी। उनका आरोप है कि जब उन्होंने नए सदस्यों की सूची और बैलेंस शीट मांगी तो उन्हें बाद में दस्तावेज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बावजूद बिना पूर्व सूचना दिए किसी अन्य व्यक्ति को पीठासीन अधिकारी नियुक्त कर चुनाव करा दिया गया।
वहीं, उपाध्यक्ष पद की उम्मीदवार सोनिया केशवानी ने आरोप लगाया कि चुनाव की शुरुआत से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही। उनके अनुसार, बार-बार आपत्तियां दर्ज कराने के बावजूद उन पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने मतदान के दौरान मतदाताओं को पर्चियों पर नंबर देने और रजिस्टर में दर्ज करने की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि इससे मतदान की गोपनीयता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने फर्जी मतदान होने का आरोप भी लगाया।
प्रेस वार्ता में अशोक हेमराजानी, रश्मि इंडिया सहित अन्य समाजसेवी और समाज के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, मतदाता सूची सार्वजनिक करने और पिछले वर्षों के खातों का स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग की।
वक्ताओं का कहना था कि मंदिर और संस्था की संपत्ति एवं आय का उपयोग किसी व्यक्ति विशेष के हितों के बजाय पूरे सिंधी समाज के धार्मिक, सामाजिक और कल्याणकारी कार्यों के लिए होना चाहिए। उन्होंने प्रबंधन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अब इस पूरे मामले में मंदिर प्रबंधन की प्रतिक्रिया और संबंधित दस्तावेजों के सार्वजनिक होने का इंतजार है। चुनाव प्रक्रिया और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच से ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





